मसाबाद के मोहल्ला हरसहाय खिड़की में 27 जनवरी की शाम सराफ मुकलेश गुप्ता (62) और उनकी पत्नी लता गुप्ता ( 60) की हत्या कर चार करोड़ 76 लाख की लूट कस्बा के ही परचून व्यापारी कपिल गुप्ता (32) और ऑटो किराए पर देने वाले उसके दोस्त ओम बाबू राठौर (32) ने की थी। दोनों पर कुल 18 लाख का कर्ज हो गया था, इसे उतारने के लिए यह वारदात की।
पुलिस ने फतेहपुर सीकरी से दोनों को गिरफ्तार कर यह खुलासा किया है। उनसे 11 किलो सोना, 24 किलो 700 ग्राम चांदी, 13 लाख 50 हजार कैश (कुल मिलाकर चार करोड़ 75 लाख ) बरामद किया गया है। हत्या में इस्तेमाल सुआ भी मिला है। जेवरात को मथुरा में जितेंद्र उर्फ जीतू सटोरिए को बेचने जा रहे थे।
एडीजी जोन अजय आनंद ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता में बताया कि डबल मर्डर और लूटकांड का मास्टरमाइंड कपिल गुप्ता है। उस पर दस लाख का कर्ज हो गया था। ओम बाबू पर आठ लाख का कर्ज था। दोनों शमसाबाद में इरादतनगर रोड पर रहते हैं। 15 साल से दोस्त हैं। कपिल गुप्ता को मालूम था कि 20 साल से सराफा कमेटी के अध्यक्ष मुकलेश गुप्ता 90 साल से चल रही दुकान के जेवरात घर ले जाते हैं।